एमपी बोर्ड 10वीं-12वीं के नतीजे घोषित, जबलपुर के विद्यार्थियों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा के परिणाम बुधवार को घोषित कर दिए गए। परिणामों में जबलपुर जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान हासिल कर शहर का नाम रोशन किया है।
12वीं की परीक्षा में जिले के पांच विद्यार्थियों ने विभिन्न संकायों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कला संकाय में अल्फिया अंजुम ने प्रदेश में 10वां स्थान प्राप्त किया, जबकि विज्ञान गणित समूह में सिहोरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा पूर्वी गोलहानी ने 8वां स्थान हासिल किया।
वाणिज्य और जीव विज्ञान संकाय में भी जबलपुर का प्रदर्शन सराहनीय रहा। वाणिज्य समूह में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल की छात्रा अनम अंसारी ने 10वां स्थान प्राप्त किया। वहीं जीव विज्ञान संकाय में इसी विद्यालय की कृति पांडे ने 8वां और छात्र ओम चौकसे ने 10वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
10वीं के परिणामों में भी जिले के तीन विद्यार्थियों ने राज्य स्तर की मेरिट सूची में जगह बनाई। पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल की छात्रा श्रेया जैन ने 4था स्थान, शासकीय रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़ा की छात्रा शुभी सैनी ने 6ठा स्थान तथा ब्रह्म ऋषि नर्मदा विद्यापीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र अभिषेक मिश्रा ने 7वां स्थान प्राप्त किया।
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखा गया। जिले के शासकीय एवं निजी दोनों ही शिक्षण संस्थानों के बेहतर प्रदर्शन ने शिक्षा की गुणवत्ता को दर्शाया है। विशेष रूप से पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलता ने संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों को रेखांकित किया है।













