सिंगरौली के सरई में घर में लगी भीषण आग, थाना प्रभारी ने देवदूत बनकर बचाई फंसी बुजुर्ग महिला की जान

सिंगरौली -सिंगरौली जिले के सरई नगर परिषद अंतर्गत नौडिया गांव में एक घर में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक बड़ा अलर्ट तब टल गया, जब वहां से गुजर रहे सरई थाना प्रभारी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घर में फंसी एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद अब आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
देखते ही देखते भड़की आग, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, नौडिया गांव (वार्ड नंबर 12) निवासी भैया लाल जायसवाल के घर में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग ने इतना विकराल रूप ले लिया था कि लपटें बेकाबू हो रही थीं।
थाना प्रभारी ने खुद संभाला मोर्चा, बचाई जान
घटना के वक्त सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया अपनी टीम के साथ उसी रास्ते से गुजर रहे थे। आग की भीषण लपटें देखकर वह तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बिना समय गंवाए ग्रामीणों के साथ मिलकर खुद आग बुझाने का मोर्चा संभाल लिया।
इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि जिस वक्त घर में आग लगी, उस समय अंदर एक बुजुर्ग महिला फंसी हुई थीं। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी इस त्वरित कार्रवाई और तत्परता की वजह से एक बड़ी जनहानि होने से टल गई।
हालात नियंत्रण में, नुकसान का हो रहा आकलन
थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से अब आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और नुकसान का जायजा लेने में जुटी हुई है। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि घर में आग किन कारणों से लगी। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है।













