चितरंगी विधानसभा को बड़ी सौगात: 61 ग्राम पंचायतों में बनेंगे नवीन तालाब, राज्यमंत्री राधा सिंह ने कलेक्टर को भेजा प्रस्ताव

● सीएसआर (CSR) मद से खर्च होंगे 15.25 करोड़ रुपये, जल संरक्षण को मिलेगी नई दिशा
● प्रत्येक तालाब के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 25 लाख रुपये
सिंगरौली।क्षेत्र के विकास और जल संकट के समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मध्य प्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने चितरंगी विधानसभा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। मंत्री श्रीमती सिंह ने जनपद पंचायत चितरंगी के अंतर्गत आने वाली 61 ग्राम पंचायतों में नवीन तालाबों के निर्माण और उनके सौंदर्यीकरण का विधिवत प्रस्ताव जिला कलेक्टर, सिंगरौली को प्रेषित किया है।
जल स्तर सुधारने की कवायद
राज्यमंत्री द्वारा जारी पत्र के अनुसार, चितरंगी क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और भविष्य में जल की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इन तालाबों के निर्माण से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्तर (Ground Water Level) में सुधार होगा, बल्कि मवेशियों और निस्तार के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध रहेगा। तालाबों के सौंदर्यीकरण से गांवों के परिवेश में भी निखार आएगा।
15 करोड़ से अधिक का होगा निवेश
प्रस्ताव के मुताबिक, प्रत्येक ग्राम पंचायत में तालाब निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की अनुमानित लागत तय की गई है। इस प्रकार कुल 61 पंचायतों में लगभग 15 करोड़ 25 लाख रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। खास बात यह है कि इन कार्यों के लिए राशि का प्रबंध सीएसआर (CSR) मद से किए जाने का अनुरोध किया गया है।
इन प्रमुख पंचायतों का बदलेगा स्वरूप
प्रस्तावित सूची में बगदरा, बगदरा कला, बगदरी, बहेरी, बरगवां, बसनिया, बीछी, बिरकुनिया, बोदाखूंटा, बुडाडोल, चकरिया, चतरी, चितरंगी, चुरकी, दरवारी, देवरी-2, धानी, धरसडा, गड़वानी, गेरूई, कपूरदेई, खमरिया, खमरिया कला, खुरमुचा, कोड़सर, कुलकवार, लोहदा, माचीकला, निवारी, परसोहर, पिडरिया, रजदहा, रामपुरवा, रेही, सिधार, सुकहर और तमई सहित कुल 61 पंचायतें शामिल हैं।राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कलेक्टर को निर्देशित किया है कि इस प्रस्ताव पर त्वरित कार्यवाही करते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित कराएं, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।













