जनगणना-2027 प्रशिक्षण का समापन: तीसरे दिन फील्ड वर्क की बारीकियों पर विशेष जोर
व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न, प्रगणकों को सौंपी गई जिम्मेदारी; आईडी कार्ड व नियुक्ति पत्र वितरित

सिंगरौली।शासकीय महाविद्यालय बैढ़न के विज्ञान भवन में आयोजित ‘जनगणना-2027’ के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का तीसरा और अंतिम दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंतिम सत्र में प्रतिभागियों को फील्ड स्तर पर कार्य निष्पादन से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी और तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रमुख जनगणना अधिकारी (नगरीय) सविता प्रधान गौंड के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस दौरान जनगणना संचालनालय भोपाल से जनगणना अधिकारी हुसैन अली, चार्ज अधिकारी एच.एम. श्रीवास्तव और प्रवीण गोस्वामी ने सत्र का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तीसरे दिन प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को फील्ड में आने वाली संभावित चुनौतियों, प्रपत्रों के सही संधारण, तथा डिजिटल डेटा एंट्री के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें जिम्मेदारी और सजगता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
चार्ज अधिकारी एच.एम. श्रीवास्तव ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई सभी जानकारियों को आत्मसात कर त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में सभी प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रशिक्षण सत्र को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को आईडी कार्ड एवं नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए, जिससे वे आगामी जनगणना कार्य में सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभा सकें।













