बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में दिनदहाड़े बड़ी बैंक डकैती: 5 बदमाशों ने फायरिंग कर लूटे ₹35 लाख, मैनेजर के सिर पर बंदूक की बट से किया हमला

बैढ़न, सिंगरौली : जिले के मुख्यालय बैढ़न में शुक्रवार दोपहर सशस्त्र बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र में धावा बोलकर सनसनी फैला दी। पांच हथियारबंद बदमाशों ने करीब 20 मिनट तक पूरे बैंक को बंधक बनाए रखा और फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए करीब 30 से 35 लाख रुपये की नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक की बट से प्रहार कर उन्हें लहुलुहान कर दिया।

20 मिनट तक बंधक बना रहा पूरा बैंक
घटना दोपहर करीब 1 बजे की है। चश्मदीद आशीष पांडे के अनुसार, जब वे अपनी पत्नी के साथ बैंक में काम करा रहे थे, तभी अचानक दो हथियारबंद बदमाश अंदर दाखिल हुए। इसके कुछ ही मिनटों बाद उनके तीन और साथी अंदर पहुंच गए। बदमाशों ने वहां मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों पर बंदूक तान दी, जिससे बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई। लुटेरों ने सभी को एक कोने में बंधक बना लिया।

मैनेजर पर हमला और फायरिंग
पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष खत्री के अनुसार, बदमाशों ने बैंक मैनेजर से तिजोरी की चाबियां मांगी। जब मैनेजर ने आनाकानी की, तो बदमाशों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और बंदूक की बट से उनके सिर पर वार किया। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने एक राउंड फायर भी किया। बदमाश करीब 20 मिनट तक बैंक के अंदर उत्पात मचाते रहे और अंत में नकदी से भरी एक पेटी व सोना-चांदी लेकर फरार हो गए।

लाखों की नकदी और जेवरात पार
शुरुआती जानकारी के अनुसार, लुटेरे करीब 30 से 35 लाख रुपये का माल ले गए हैं। एसपी ने बताया कि बैंक में करीब 14.50 लाख रुपये पिछले दिन के रखे थे और बाकी शुक्रवार का कलेक्शन था। इसके अलावा लॉकर से सोना-चांदी भी ले जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।

सुरक्षा में बड़ी चूक: नहीं था कोई गार्ड
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि वारदात के समय बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर बदमाश आसानी से अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रही है।

CCTV में कैद हुए लुटेरे, पूरे जिले में नाकेबंदी
बैंक के सामने स्थित एक दुकान के सीसीटीवी फुटेज में तीन आरोपी एक ही बाइक पर बैठकर बैढ़न शहर की तरफ भागते नजर आ रहे हैं। फुटेज में एक बदमाश हेलमेट पहने हुए है, जबकि बाकी चार के चेहरे खुले थे। वारदात की खबर मिलते ही एसपी मनीष खत्री दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जिले के सभी एग्जिट पॉइंट्स को सील कर दिया गया है। लुटेरों की तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।

Author

Related Articles

Back to top button