ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत; ग्रामीणों ने 12 घंटे तक किया चक्काजाम

सिंगरौली: जिले के लांघाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलियारी गांव के पास गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब 12 घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

नाना-नानी के घर से लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में से एक की पहचान अंकित सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि अंकित अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर गुणवानी गांव स्थित अपने नाना-नानी के घर गया था। गुरुवार देर रात वापस लौटते समय सुलियारी गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ट्रॉमा सेंटर में जिंदगी की जंग लड़ रहा घायल साथी
हादसे में घायल तीसरे युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बैढ़न स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुँचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है और उसे सघन उपचार दिया जा रहा है।

12 घंटे तक बाधित रहा कोयला परिवहन
हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए और गुरुवार रात करीब 11 बजे से ही सुलियारी के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का यह विरोध प्रदर्शन शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। इस 12 घंटे लंबे चक्काजाम के कारण क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बाधित रहा और भारी वाहनों के साथ-साथ कोयले का परिवहन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

भारी पुलिस बल तैनात, स्थिति नियंत्रण में
मामले की गंभीरता को देखते हुए लांघाडोल पुलिस सहित आसपास के चार थानों के प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी ग्रामीणों को उचित कार्यवाही और सहायता का आश्वासन देकर कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button