मेधावी छात्र अलंकरण समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान, खुशी कुशवाहा ने प्रदेश में पाया 8वां स्थान

सिंगरौली। सिंगरौली जिले में आयोजित मेधावी छात्र अलंकरण समारोह में राज्य मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा चितरंगी विधायक राधा सिंह ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उन्होंने मेधावी छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे छात्र-छात्राएं समाज और प्रदेश के लिए प्रेरणा हैं। इस अवसर पर विशेष रूप से खुशी कुशवाहा को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मध्यप्रदेश की प्रावीण्य सूची में आठवां स्थान हासिल किया है।
खुशी कुशवाहा, पिता राजेश कुशवाहा, सरस्वती शिशु मंदिर/उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विन्ध्यनगर की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
राज्य मंत्री राधा सिंह ने छात्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है और खुशी की सफलता इसका उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम में रामनिवास शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, सीडा अध्यक्ष दिलीप शाह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान अन्य मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।













