सिंगरौली बैंक डकैती: दूसरे दिन पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार; डीजीपी बोले-सुरक्षा में चूक से हुई वारदात
7 किलो सोना और 20 लाख कैश लूटकर भागे थे बदमाश, कई राज्यों में दबिश जारी

सिंगरौली । सिंगरौली के विंध्यनगर रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में शुक्रवार को हुई करोड़ों की डकैती के दूसरे दिन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है।घटना की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना और रीवा संभाग के आईजी गौरव राजपूत शुक्रवार शाम सिंगरौली पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीजीपी ने कहा ‘कहीं न कहीं बड़ी चूक हुई ‘
निरीक्षण के बाद डीजीपी कैलाश मकवाना ने स्पष्ट कहा कि बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में कहीं न कहीं चूक हुई है, जिसकी वजह से बदमाश इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।उन्होंने बताया कि बदमाश करीब 7 किलो सोना और 20 लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।
दूसरे दिन तेज हुई पुलिस कार्रवाई
मामले की जांच मनीष खत्री के नेतृत्व में चल रही है।
पुलिस की 10 से ज्यादा टीमें गठित
बिहार और औरंगाबाद क्षेत्र से 2 आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों के पास से नकदी और सोने का हिस्सा बरामद
अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश
20 मिनट में फिल्मी अंदाज में वारदात
शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे पांच हथियारबंद बदमाश बैंक में घुसे।
पहले दो बदमाशों ने रेकी की
फिर तीन अन्य हथियार लेकर अंदर पहुंचे
हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई
ग्राहकों और कर्मचारियों को बंधक बनाया
बदमाशों ने महिला मैनेजर को धमकाकर गोल्ड लोन के लॉकर खुलवाए और सोना लूट लिया। वहीं कैशियर से नकदी भी ले ली गई। पूरी वारदात करीब 20 मिनट तक चली।
सीसीटीवी और मौके से मिले अहम सुराग
घटनास्थल से पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं—
बदमाश एक हथियार मौके पर छोड़ गए
सीसीटीवी का डीव्हीआर भी वहीं मिला
फुटेज में तीन आरोपियों के चेहरे स्पष्ट
इन सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

50 हजार का इनाम घोषित
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुख्यालय ने 50,000 रूपये का इनाम घोषित किया है। आम लोगों से भी सूचना देने की अपील की गई है।
ग्राहकों में दहशत, सोना सुरक्षित होने की उम्मीद
घटना के बाद बैंक के बाहर ग्राहकों की भीड़ जुटी रही।
गोल्ड लोन लेने वाले ग्राहक अपने जेवर को लेकर चिंतित हैं, हालांकि जानकारी मिली है कि निजी लॉकर सुरक्षित हैं।
जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। कई राज्यों में छापेमारी जारी है और फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।











