अनूपपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से 4 मजदूरों की मौत

अनूपपुर। जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। यह हादसा थाना करनपठार अंतर्गत ग्राम पंचायत ठाढ़पाथर के पास हुआ, जहां एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और सभी सवार इंजन के नीचे दब गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे मजदूरों को लेकर क्रशर की ओर जा रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली ठाढ़पाथर तालाब से लगभग 100 मीटर पहले अचानक अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार के कारण ट्रैक्टर सड़क छोड़कर खेत की तरफ खाई में जा पलटा। हादसा इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
इस दर्दनाक घटना में ट्रैक्टर चालक सहित चारों मजदूर इंजन के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रकाश सिंह, अंकुश सिंह, नानू सिंह और बृजेश सिंह के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। ट्रैक्टर अंकुश सिंह चला रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।













