बालाघाट में भीषण सड़क हादसा: आबकारी वाहन ने कार को 70 मीटर तक घसीटा, चालक की मौत

बाल
बालाघाट। जिले के वारासिवनी क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां आबकारी विभाग के तेज रफ्तार वाहन ने एक कार को टक्कर मारते हुए करीब 70 मीटर तक घसीट दिया। हादसे में सरकारी वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक मासूम सहित तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मलाजखंड निवासी धर्मवीर गौतम (37) अपनी पत्नी मेघा और 3 वर्षीय बेटे रुद्रांश के साथ कार (MP 09 MH 2452) से वर्धा जा रहे थे। वारासिवनी में सीएम राइज स्कूल वारासिवनी के सामने स्थित स्पीड ब्रेकर पर उन्होंने जैसे ही वाहन धीमा किया, पीछे से आ रहे आबकारी विभाग के वाहन (MP 50 ZB 3654) ने जोरदार टक्कर मार दी।
स्टीयरिंग में फंसा चालक, मौके पर मौत
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आबकारी वाहन कार को घसीटते हुए आगे ले गया और फिर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आबकारी वाहन के चालक जितेंद्र बावने (24) स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गए। गंभीर चोटों के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वाहन में सवार दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
बाल-बाल बचा परिवार, मासूम घायल
कार में सवार गौतम परिवार इस भीषण हादसे में बाल-बाल बच गया। धर्मवीर और उनकी पत्नी को मामूली चोटें आई हैं, जबकि उनके तीन वर्षीय बेटे रुद्रांश की कमर में चोट लगी है। तीनों का इलाज वारासिवनी के अस्पताल में किया गया।
पुलिस पहुंची मौके पर, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही वारासिवनी थाना प्रभारी पवन यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मृतक चालक का शव वाहन से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।













