महिला आरक्षण के विरोध पर शिवसेना का प्रदर्शन, इंडी गठबंधन का पुतला दहन

सिंगरौली। सिंगरौली में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सियासी घमासान के बीच शिवसेना की स्थानीय इकाई ने विपक्ष के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष और इंडी गठबंधन के विरोध में पुतला दहन कर नाराजगी जताई।
बताया गया कि 17 अप्रैल को लोकसभा में पेश किए गए महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान विपक्षी दलों द्वारा विरोध किए जाने पर शिवसेना ने इसे नारी सम्मान के खिलाफ बताया और इसकी कड़ी निंदा की।
प्रदेश प्रमुख राजीव चतुर्वेदी के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में शिवसेना शिंदे गुट सिंगरौली इकाई के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। यह प्रदर्शन तेलगवां स्थित शिवसेना कार्यालय के सामने किया गया, जहां उपराज्य प्रमुख सुरेंद्रनाथ दुबे, जिला प्रमुख रामदयाल पांडे और युवा सेना अध्यक्ष संदीप रवानी की मौजूदगी में पुतला दहन किया गया।
शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की मानसिकता महिला विरोधी है और जब महिलाओं को अधिकार देने की बात आती है, तो उनका रवैया बदल जाता है। जिला प्रमुख रामदयाल पांडे ने कहा कि आने वाले समय में महिलाएं इसका करारा जवाब देंगी।
प्रदर्शन के दौरान रमेश गुप्ता, लवकुश दुबे, रवींद्र वर्मा, प्रिंस पांडे, रंजन पांडे, विकास श्रीवास्तव, शंकर गुप्ता, कुंदन सिंह, पवन सिंह, आदित्य, प्रियांशु पांडे और विक्रांत भारती सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक मौजूद रहे।













