मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत बिलौजी में सामूहिक विवाह, जनप्रतिनिधियों ने नवदंपत्तियों को दिया आशीर्वाद

सिंगरौली। अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिंगरौली विधायक राम निवास शाह ने कार्यक्रम में सहभागिता कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी समृद्ध परंपरा, संस्कार और सामाजिक समरसता के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा मिलता है और समाज में सहयोग एवं एकता की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित इस जनकल्याणकारी योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक सहयोग प्रदान कर रही है। इससे समाज में विश्वास, सुरक्षा और सशक्तिकरण की भावना लगातार सुदृढ़ हो रही है।

इस अवसर पर देवसर विधायक डॉ. राजेंद्र मेश्राम, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दरलाल शाह, महापौर रानी अग्रवाल, पूर्व सरपंच भगवान दास साहू, मंडल अध्यक्ष रामधनी यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी नवविवाहित जोड़ों के सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की गई।













