बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली बैंक डकैती कांड: पुलिस मिली आरोपी कमलेश की दिन की पुलिस रिमांड

सिंगरौली: बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में सिंगरौली पुलिस को पहली बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस बहुचर्चित कांड में शामिल एक मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे 8 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

न्यायालय में हुई पेशी, 8 दिन का मिला PR
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंक डकैती के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी कमलेश को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी कमलेश को जिला एवं सत्र न्यायालय सिंगरौली में पेश किया। पुलिस ने डकैती के अन्य आरोपियों, लूटे गए माल की बरामदगी और पूरे गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने के लिए न्यायालय से आरोपी की रिमांड मांगी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए माननीय न्यायालय ने आरोपी कमलेश को 8 दिन के पुलिस रिमांड (PR) पर पुलिस को सौंप दिया है।

झारखंड के गढ़वा से हुई गिरफ्तारी
बता दें कि शुक्रवार को बैढ़न शहर के बीचों-बीच हुई इस डकैती ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया था। पुलिस की 10 से अधिक टीमें अलग-अलग राज्यों में सर्चिंग कर रही थीं। इसी दौरान झारखंड के गढ़वा से शासकीय रेल पुलिस के सहयोग से एक आरोपी को दबोचा गया, जिसकी पहचान कमलेश के रूप में हुई है। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ करेगी ताकि डकैती का पूरा माल और फरार अन्य चार साथियों का पता लगाया जा सके।

बैंक में लटका रहा ताला, ग्राहक रहे परेशान
इधर वारदात के दूसरे दिन भी बैंक ऑफ महाराष्ट्र में ताला लटका रहा। अपनी जीवन भर की गाढ़ी कमाई और गोल्ड लोन के बदले रखे सोने को लेकर चिंतित ग्राहक दिन भर बैंक के चक्कर काटते रहे। बैंक कर्मी अब भी दहशत में हैं। महिला बैंक मैनेजर ने बताया कि लुटेरों ने न केवल गन पॉइंट पर लेकर करीब 10 करोड़ का सोना और 20 लाख रुपये नकद लूटे, बल्कि उन्हें उनके घर तक की रेकी करने और गोली मारने की धमकी भी दी थी।

प्रभारी मंत्री ने ली रिपोर्ट, डीजीपी ने डाला डेरा
डकैती की सूचना मिलते ही प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना और जिले की प्रभारी मंत्री संपतिया उइके सिंगरौली पहुँचे। प्रभारी मंत्री ने एनटीपीसी सूर्या भवन में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरी रिपोर्ट ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड की पुलिस के साथ तालमेल बिठाकर शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button