केंद्रीय जेल जबलपुर में विचाराधीन बंदी ने लगाई फांसी, जांच शुरू

जबलपुर।मध्य प्रदेश के Jabalpur स्थित केंद्रीय जेल से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विचाराधीन बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बंदी की पहचान गुड्डू उर्फ राजा (उम्र करीब 60 वर्ष), निवासी साई कॉलोनी, थाना संजीवनीनगर के रूप में हुई है। उसे थाना संजीवनीनगर के अपराध क्रमांक 273/2024 एवं सत्र प्रकरण क्रमांक 511/24 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में 16 अगस्त 2024 को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि मामला वर्तमान में जबलपुर के चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश की अदालत में विचाराधीन है। सोमवार सुबह करीब 8 बजे बंदी ने जेल के अस्पताल खंड के वार्ड क्रमांक 3 के शौचालय में फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही जेल स्टाफ मौके पर पहुंचा और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को जेल में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।













