ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

डीजे पर अपशब्द को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की चाकू मारकर हत्या

ताल/जिला। जिले के ताल नगर में बारात के दौरान डीजे पर अपशब्द कहने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, ताल नगर के भोई मोहल्ला में एक ही परिवार की तीन बेटियों की शादी थी, जिसमें अलग-अलग स्थानों से आई बारातों में अलग-अलग डीजे बज रहे थे। इसी दौरान दो डीजे संचालकों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते माइक पर अपशब्द बोले जाने लगे।

पास में रहने वाले 22 वर्षीय दिलीप माली ने इसका विरोध करते हुए महिलाओं के सामने अभद्र भाषा का उपयोग न करने की बात कही। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और डीजे संचालक माखन कुमावत (निवासी मंदसौर) तथा उसके साथियों ने दिलीप के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान उस पर चाकू से हमला किया गया।

गंभीर रूप से घायल दिलीप को पहले ताल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज के लिए भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। घटना में दिलीप के भाई सुनील माली और समरथ भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और तीनों बारातें बिना विवाह के ही लौट गईं। मृतक की करीब डेढ़ माह पहले ही शादी हुई थी। उसके परिवार में पत्नी, माता-पिता, बहन और भाई हैं।

घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा। मामले में हत्या और जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button