उज्जैन में सुरक्षा गार्ड की हत्या, उधारी के विवाद में पति-पत्नी व पुत्र पर केस

उज्जैन।मध्य प्रदेश के Ujjain में एक सुरक्षा गार्ड की रविवार दोपहर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला उधार के पैसे को लेकर हुए विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस ने पति-पत्नी और उनके पुत्र के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चिमनगंज थाना क्षेत्र के अनंत नगर निवासी राम कुमावत (40) एक वाहन शोरूम में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। रविवार दोपहर भैरवगढ़ क्षेत्र स्थित सिद्धवट मंदिर के पास भदेड़ मोहल्ले में उन पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई बंटी कुमावत ने आरोप लगाया है कि रामेश्वर मालवीय, उसकी पत्नी प्रेमलता उर्फ भूरी और पुत्र दुर्गेश ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। बताया गया कि रामेश्वर ने राम से करीब 50 हजार रुपये उधार लिए थे और पैसे लौटाने के बहाने उसे मौके पर बुलाया गया था।
परिजनों के अनुसार, जब वे घटनास्थल पहुंचे तो आरोपी फरार थे और राम खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना स्थल रामेश्वर के घर के सामने का बताया जा रहा है, जहां मृतक की बाइक भी खड़ी मिली।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर हत्या का कारण पैसों का विवाद माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।













