छतरपुर में नमकीन गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान; दमकल की देरी पर उठे सवाल

छतरपुर। मध्य प्रदेश के Chhatarpur शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत फिरंगी पछाड़ इलाके में स्थित लक्ष्मी मंदिर के पीछे एक नमकीन गोदाम में रविवार रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में करीब 50 से 70 लाख रुपये तक के नुकसान का अनुमान है। गोदाम राकेश नामदेव का बताया जा रहा है, जिसमें बड़ी मात्रा में नमकीन और अन्य सामग्री रखी हुई थी। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास करते रहे।
रहवासियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल दल करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचा। इतना ही नहीं, मौके पर पहुंचा दमकल वाहन भी आधा भरा हुआ था, जिससे आग पर काबू पाने में दिक्कत हुई। पानी खत्म होने के बाद वाहन वापस लौट गया और काफी देर तक नहीं आया, जिससे आग और फैल गई।
गोदाम मालिक संतोष नामदेव और अशोक नामदेव के अनुसार, आग में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे लगभग 60 से 70 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
घटना के दौरान कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। इस घटना के बाद नगर पालिका और अग्निशमन व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और व्यवस्था में सुधार की मांग की है।













