शुक्रपाल सिंह बने कुसमी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान प्रबंधन समिति के सांसद प्रतिनिधि, क्षेत्र में खुशी की लहर

सिंगरौली। सीधी जिले में कुसमी स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की संस्था प्रबंधन समिति के गठन के तहत सांसद प्रतिनिधि की नियुक्ति की गई है। सीधी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजेश मिश्रा ने भुईमाड़ क्षेत्र के ग्राम बेलगांव (ग्राम पंचायत अमरोला) निवासी शुक्रपाल सिंह को अपना प्रतिनिधि नामांकित किया है।
जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार, शुक्रपाल सिंह को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कुसमी की संस्था प्रबंधन समिति में सांसद प्रतिनिधि के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति संस्थान के बेहतर संचालन, स्थानीय सहभागिता और प्रशिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से की गई है।सांसद कार्यालय द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि समिति में स्थानीय स्तर पर सक्रिय एवं अनुभवी व्यक्ति को शामिल कर युवाओं के कौशल विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है। इस नियुक्ति के बाद भुईमाड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है और लोगों द्वारा लगातार बधाई दी जा रही है।
शुक्रपाल सिंह ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा ग्राम बेलगांव में हुई, जबकि माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा भुईमाड़ में पूरी की। इसके बाद उन्होंने रीवा में विज्ञान स्नातक एवं परास्नातक की उपाधि प्राप्त की। शिक्षा पूर्ण करने के पश्चात उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुईमाड़ में पांच वर्षों तक अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं प्रदान कीं।इसके बाद उन्होंने स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ किया और संगणक से संबंधित कार्यों में सक्रिय रहे। इसी दौरान समाज सेवा की भावना से प्रेरित होकर जनसेवा में जुड़े। उन्होंने अपनी पत्नी पार्वती सिंह को ग्राम पंचायत अमरोला से चुनाव लड़ाया, जहां वे सरपंच निर्वाचित हुईं।













