आदि शंकराचार्य जयंती पर पीएम मोदी समेत नेताओं ने किया नमन, बताया आध्यात्मिक चेतना का प्रेरणास्रोत

नई दिल्ली।आदि शंकराचार्य जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके आध्यात्मिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आदि शंकराचार्य भारत के महान आध्यात्मिक गुरुओं में से एक थे, जिनकी शिक्षाएं आज भी मानवता को सत्य, करुणा और सामूहिक कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच पर अपने संदेश में कहा कि आदि शंकराचार्य के विचार और अद्वैत वेदांत का दर्शन विश्वभर में लोगों को दिशा दे रहा है। उन्होंने उनके द्वारा स्थापित आध्यात्मिक परंपराओं और देशभर में बनाए गए मठों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रयास भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित हुए हैं।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी आदि शंकराचार्य को नमन करते हुए कहा कि वे अद्वैत वेदांत के प्रणेता और सांस्कृतिक एकता के सूत्रधार थे। उन्होंने कहा कि आदि शंकराचार्य ने देश के चारों दिशाओं में मठों की स्थापना कर सनातन धर्म को नई ऊर्जा दी और ज्ञान, तर्क व भक्ति के माध्यम से समाज को जागृत किया।
वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस अवसर पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आदि शंकराचार्य महान दार्शनिक और आध्यात्मिक गुरु थे, जिनकी शिक्षाएं आज भी समाज को मार्गदर्शन प्रदान कर रही हैं।
नेताओं ने अपने संदेशों में इस बात पर जोर दिया कि आदि शंकराचार्य का जीवन और उनके सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं और आने वाली पीढ़ियों को सत्य, एकता और मानव कल्याण के लिए प्रेरित करते रहेंगे।













