देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

सोना-चांदी में गिरावट, वैश्विक संकेतों और मजबूत डॉलर का असर

मुंबई।देश में मंगलवार को सोना और चांदी के दामों में गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुएं दबाव में रहीं और निवेशकों में सतर्कता का माहौल दिखाई दिया।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सुबह करीब 10:27 बजे सोने के 5 जून 2026 के वायदा सौदे में 0.16 प्रतिशत यानी 243 रुपए की गिरावट आई और भाव 1,53,700 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता नजर आया। कारोबार के दौरान सोने ने 1,53,675 रुपए का न्यूनतम और 1,53,922 रुपए का उच्चतम स्तर छुआ।

वहीं चांदी के 5 मई 2026 के वायदा सौदे में भी कमजोरी देखने को मिली। चांदी करीब 0.70 प्रतिशत यानी 1,776 रुपए गिरकर 2,50,769 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सत्र के दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,50,210 रुपए और उच्चतम स्तर 2,51,222 रुपए रहा।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों का रुख भी घरेलू कीमतों पर असर डालता दिखा। वैश्विक स्तर पर सोना करीब 0.43 प्रतिशत गिरकर 4,807 डॉलर प्रति औंस और चांदी 1.44 प्रतिशत टूटकर 78.885 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी विश्लेषक मानव मोदी के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम से जुड़ी अनिश्चितता और वैश्विक आर्थिक घटनाक्रम को लेकर सतर्कता के कारण बाजार में दबाव बना हुआ है। उन्होंने बताया कि शांति वार्ता को लेकर मिल रहे विरोधाभासी संकेतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे सोने-चांदी में हल्की गिरावट आई।

विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर सूचकांक के मजबूत होने का भी इन धातुओं पर असर पड़ा है। डॉलर सूचकांक करीब 97.94 के स्तर पर पहुंच गया है। आमतौर पर डॉलर मजबूत होने पर सोना और चांदी कमजोर पड़ते हैं, क्योंकि निवेशक सुरक्षित विकल्प के तौर पर डॉलर की ओर रुख करते हैं।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में वैश्विक घटनाओं और आर्थिक संकेतकों के आधार पर सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button