बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सीएम हेल्पलाइन में सिंगरौली पुलिस का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में दूसरा स्थान

सिंगरौली। सीएम हेल्पलाइन 181 के माध्यम से शिकायतों के निराकरण में सिंगरौली पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है। जारी जिला स्तरीय ग्रेडिंग में सिंगरौली जिले ने 88.83 प्रतिशत वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेड प्राप्त कर प्रथम समूह में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

यह उपलब्धि पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत और पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के मार्गदर्शन में हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री और उनकी टीम ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत संपर्क कर उनकी समस्याओं का त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने इस उपलब्धि पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सिंगरौली गौरव पांडेय, देवसर की अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) गायत्री तिवारी, चितरंगी के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राहुल सैयाम सहित सभी थाना व चौकी प्रभारियों, साइबर सेल और शिकायत शाखा टीम की सराहना करते हुए बधाई दी।

सीएम हेल्पलाइन 181 राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से आम नागरिक अपनी समस्याएं सीधे दर्ज करा सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के लिए प्रेषित किया जाता है और उच्च स्तर पर इसकी निगरानी भी की जाती है।

माह मार्च 2026 के दौरान जिले में कुल 1271 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 1132 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण किया गया। यह अब तक की रिकॉर्ड उपलब्धि मानी जा रही है। चौकी तिनगुड़ी और नौड़िहवा ने 100 प्रतिशत निराकरण दर्ज किया, जबकि थाना मोरवा, गढ़वा और चौकी गोभा ने 95 प्रतिशत से अधिक और अन्य थानों ने 85 प्रतिशत से अधिक वेटेज स्कोर प्राप्त किया।

निराकृत शिकायतों में 19 प्रतिशत जमीनी विवाद, 21 प्रतिशत मारपीट, 9 प्रतिशत पारिवारिक विवाद, 10 प्रतिशत आपसी विवाद, 8 प्रतिशत लेन-देन, 9 प्रतिशत महिला संबंधी और 13 प्रतिशत अन्य प्रकार की शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 999 शिकायतों का निराकरण लेवल-1, 113 का लेवल-2 और 20 का लेवल-3 स्तर पर किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के नेतृत्व में लगातार मॉनिटरिंग और जिम्मेदार अधिकारियों की सक्रियता के चलते सिंगरौली पुलिस ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह प्रदर्शन न केवल प्रशासनिक दक्षता को दर्शाता है, बल्कि आमजन के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और जवाबदेही को भी उजागर करता है।

Author

Related Articles

Back to top button