लिव-इन पार्टनर ने महिला पर किया जानलेवा हमला
गले पर चाकू से वार, बेलन से सिर कुचलने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला पर उसके पार्टनर ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के गले पर चाकू से वार किया और बेलन से सिर कुचलने की कोशिश की। गंभीर हालत में महिला किसी तरह जान बचाकर घर से बाहर भागी, जिसके बाद राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना रविवार 24 मई की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 24 वर्षीय गौरी दुबे पिछले दो वर्षों से आईटीआई करमेता निवासी नीतेश पाटकर के साथ लिव-इन में रह रही थी। शुरुआती दिनों में दोनों के संबंध सामान्य रहे, लेकिन बाद में विवाद बढ़ने लगे। आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान होकर महिला ने आरोपी से अलग होने का फैसला कर लिया था।
पुलिस के मुताबिक इसी बात से नाराज होकर आरोपी नीतेश रविवार को घर पहुंचा। उस समय गौरी रसोई में खाना बना रही थी। आरोपी ने पीछे से हमला करते हुए चाकू से उसके गले पर वार कर दिया। महिला के चिल्लाने पर उसने मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और बेलन से सिर पर हमला करने लगा।
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद महिला ने हिम्मत दिखाई और आरोपी को धक्का देकर घर से बाहर निकल गई। सड़क पर खून से लथपथ हालत में महिला को देखकर लोगों ने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके गले में 18 टांके लगाए गए।
माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी नीतेश पाटकर को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।













