अम्बेनाली घाट में दर्दनाक हादसा
500 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 युवकों की मौत की आशंका

मुंबई। महाराष्ट्र के महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित खतरनाक अम्बेनाली घाट में रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोंकण से घूमकर लौट रहे पर्यटकों की स्कॉर्पियो जीप अनियंत्रित होकर करीब 500 से 700 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सतारा जिले के 8 युवकों की मौत की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2:45 बजे दाबेली गांव के पास हुई। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सतारा जिले के कोरेगांव तालुका के आसगांव की बताई जा रही है। वाहन में सवार सभी युवक कोंकण में छुट्टियां बिताने के बाद वापस सतारा लौट रहे थे। इसी दौरान अम्बेनाली घाट में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और जीप सीधे खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही पोलादपुर पुलिस, महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम, सिस्केप महाड, आपदा मित्र और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। खाई बेहद गहरी और दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
रेस्क्यू टीम दूरबीन की मदद से खाई में शवों और वाहन की लोकेशन तलाश रही है। अब तक दो शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर बचाव अभियान तेज कर दिया है।













