बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रेम प्रसंग में हाईटेंशन टावर पर चढ़ी नाबालिग, 3 घंटे तक चला ड्रामा

प्रेमी से नाराज होकर 100 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ी किशोरी

सिंगरौली- जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत धानी गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की प्रेम प्रसंग के चलते हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। करीब 100 फीट ऊंचे टावर पर किशोरी को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मोबाइल लेकर टावर पर चढ़ी, किसी का कॉल नहीं उठाया

जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। लड़की अपने साथ मोबाइल फोन लेकर टावर पर चढ़ी थी, लेकिन वह किसी का भी कॉल रिसीव नहीं कर रही थी। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश पुलिस की चितरंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।

प्रेमी के मोबाइल से कॉन्फ्रेंस कॉल कर पुलिस ने समझाया

चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। किसी बात को लेकर नाराज होकर वह टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के मोबाइल से कॉन्फ्रेंस कॉल कराया और लगातार बातचीत के जरिए किशोरी को समझाने का प्रयास किया।

तीन घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतरी किशोरी

करीब तीन घंटे तक चले मान-मनौव्वल और समझाइश के बाद दोपहर लगभग 12 बजे नाबालिग सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस और परिजन उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल लेकर गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

गांव में तमाशबीनों की लगी भीड़

घटना के दौरान टावर के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा रहे। हाईटेंशन लाइन होने के कारण लोगों में डर और चिंता का माहौल बना रहा। समय रहते पुलिस की सूझबूझ और समझाइश से बड़ा हादसा टल गया।

Author

Related Articles

Back to top button