बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अनावरण से पहले टूटी वीर मंगल पांडे की प्रतिमा, बाघाडीह में उबाल

ग्रामीण बोले- यह केवल मूर्ति नहीं, देशभक्ति और सम्मान पर हमला

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के बाघाडीह गांव में वीर क्रांतिकारी मंगल पांडे की प्रतिमा खंडित किए जाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसे स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूत और राष्ट्रभावना का अपमान बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

26 मई को होना था प्रतिमा का अनावरण
जानकारी के अनुसार गांव में मंगल पांडे की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम 26 मई को आयोजित होना था। इससे पहले ही 24 मई की रात करीब 10 बजे प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली। ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो प्रतिमा नीचे गिरी हुई और टूटी अवस्था में मिली। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

ग्रामीणों में नाराजगी, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि गांववासियों ने आपसी सहयोग से प्रतिमा स्थापित कराई थी, ताकि नई पीढ़ी को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा मिल सके। लेकिन असामाजिक तत्वों ने इस कृत्य से पूरे गांव की आस्था को ठेस पहुंचाई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
मामले में बाघाडीह निवासी प्रतीक कुमार पांडे ने बरगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में अज्ञात व्यक्तियों पर प्रतिमा तोड़ने का आरोप लगाया गया है। बरगवां थाना प्रभारी समीर वारसी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button