बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

घड़ियालों और प्रवासी पक्षियों के रहवास पर अवैध खनन का हमला, चितरंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सोन नदी से रेत का अवैध उत्खनन करते 4 ट्रैक्टर जब्त, आरोपियों की तलाश जारी

सिंगरौली। चितरंगी पुलिस ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोन नदी क्षेत्र से चार बिना नंबर के स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत सहित जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार अवैध उत्खनन से मगरमच्छ, घड़ियाल और अंतरराष्ट्रीय प्रवासी पक्षियों के प्रजनन स्थल को नुकसान पहुंच रहा था। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

घड़ियाल और इंडियन स्किमर के प्रजनन पर खतरा
पुलिस और वन विभाग की संयुक्त जानकारी में सामने आया कि मार्च से मई तक घड़ियाल रेतीले नदी तटों पर अंडे देते हैं। वहीं बांग्लादेश मूल का दुर्लभ प्रवासी पक्षी इंडियन स्किमर (पंचीरा) भी अप्रैल से 15 जून तक सोन नदी के गांगी, फूलकेश और खैरा घाटों पर प्रजनन के लिए आता है। अवैध रेत उत्खनन से इनके प्राकृतिक रहवास और प्रजनन प्रक्रिया पर गंभीर असर पड़ रहा था।

रात में घेराबंदी, अंधेरे का फायदा उठाकर भागे आरोपी
23-24 मई की दरमियानी रात थाना प्रभारी चितरंगी को सूचना मिली कि ग्राम गांगी सोन नदी में ट्रैक्टरों से अवैध उत्खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नदी क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि मौके से चार ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत सहित जब्त कर थाने लाया गया।

20 लाख से अधिक कीमत के वाहन जब्त
पुलिस ने लवलेश सिंह चौहान, अंकित धर द्विवेदी, श्रेयांश प्रताप और वीरेश धर द्विवेदी के नाम से जुड़े ट्रैक्टरों को जब्त किया है। जब्त वाहनों और रेत की कुल कीमत करीब 20 लाख 18 हजार रुपए बताई गई है। सभी वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, खान एवं खनिज अधिनियम, वन्य जीव संरक्षण अधिनियम और भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button