बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

यात्री बसों की सघन जांच में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12.39 लाख रुपए का जुर्माना वसूला

सिंगरौली। जिले में सड़क सुरक्षा एवं यात्री परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली प्रभारी विभा उईके एवं उनकी टीम ने यात्री बसों की सघन जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान विभाग ने “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाते हुए चालानी कार्रवाई कर कुल 12 लाख 39 हजार 700 रुपए का राजस्व वसूला।

जांच के दौरान यात्री बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार, जीपीएस प्रणाली, स्पीड गवर्नर, फिटनेस प्रमाणपत्र, सीट क्षमता, महिला एवं दिव्यांग यात्रियों के लिए आरक्षित सीटों सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इसके अलावा ब्रेक, टायर, लाइट एवं हॉर्न की तकनीकी स्थिति का भी परीक्षण किया गया। परिवहन अधिकारियों ने वाहन चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव तथा निर्धारित गति सीमा के पालन की भी जांच की।

अभियान के दौरान कई यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिस पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए ऑफलाइन 2 लाख 34 हजार 200 रुपए एवं ऑनलाइन 10 लाख 5 हजार 500 रुपए का चालान किया।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोडिंग, तेज गति, फिटनेस नियमों की अनदेखी एवं यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे सुरक्षित एवं मान्यता प्राप्त वाहनों में ही यात्रा करें और नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

Author

Related Articles

Back to top button