जिला न्यायालय में हंगामा: अधिवक्ताओं और मुअक्किलों के बीच मारपीट, वीडियो वायरल
वकील से विवाद के बाद कोर्ट परिसर में जमकर चले लात घूसे

सिंगरौली; जिला न्यायालय परिसर में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अधिवक्ताओं और मुअक्किलों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ अधिवक्ता एक युवक की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं।
टेबल पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार अधिवक्ता अकेश वर्मा के सामने लगी टेबल पर दो लोग बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता ने दोनों से वहां से उठने के लिए कहा, जिस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों लोगों ने वकील के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
वकीलों के पहुंचते ही बढ़ा विवाद
घटना के दौरान अधिवक्ता द्वारा शोर मचाने पर अन्य वकील भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई तथा एक मुअक्किल की जमकर पिटाई कर दी गई। इस बीच दूसरा युवक मौके से भाग निकला। कोर्ट परिसर में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद अधिवक्ताओं ने मध्य प्रदेश पुलिस के कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं मारपीट में घायल मुअक्किल ने भी अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत पुलिस से की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।













