देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बिहार के दरोगा और कैदी समेत 6 की मौत, 32 घायल

उन्नाव में तेज रफ्तार स्लीपर बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, कई यात्री गंभीर

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार 26 मई की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। औरास थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बिहार पुलिस के एक दरोगा, एक कैदी समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक बस दिल्ली से बिहार जा रही थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हो गई। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री खिड़कियों से बाहर उछलकर एक्सप्रेसवे के नीचे खंती में जा गिरे।

बताया गया कि बिहार पुलिस के दरोगा रामचंद्र एक कैदी छत्रपाल को बयान दर्ज कराने के लिए सिवान से दिल्ली लेकर गए थे और वापस लौट रहे थे। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

घटना के करीब आठ मिनट बाद मौके पर पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। औरास पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही एएसपी शैलेंद्र लाल समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराई। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। वहीं पुलिस और यूपीडा की टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

Author

Related Articles

Back to top button