ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

रेलवे का मानवीय फैसला: लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के लिए राशि बढ़ी

अब प्रति शव 7 हजार रुपये खर्च करेगा रेलवे, पूरे देश में आदेश लागू

जबलपुर। रेलवे ने रेल पटरियों और स्टेशन परिसरों में मिलने वाले लावारिस शवों के संरक्षण और सम्मानजनक अंतिम संस्कार को लेकर बड़ा फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड ने शवों को ढंकने के लिए उपयोग होने वाले कफन सहित अन्य जरूरी प्रक्रियाओं पर खर्च की जाने वाली राशि में बढ़ोतरी कर दी है। अब प्रति शव मिलने वाली सहायता राशि 5 हजार रुपये से बढ़ाकर 7 हजार रुपये कर दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से देशभर के सभी जोनल रेलवे में लागू कर दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेल हादसों या अन्य परिस्थितियों में ट्रैक पर मिलने वाले लावारिस शवों के संरक्षण और अंतिम संस्कार के दौरान फंड की कमी बड़ी समस्या बन रही थी। पहले निर्धारित राशि काफी पुरानी थी, जबकि वर्तमान समय में सामग्री और सेवाओं की लागत लगातार बढ़ चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे मंत्रालय ने वित्त निदेशालय की सहमति के बाद यह निर्णय लिया है।

रेलवे बोर्ड के आईजी (प्रशासन) महेश्वर सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधकों, प्रधान वित्त सलाहकारों और मुख्य सुरक्षा आयुक्तों को नई व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे के इस फैसले से जीआरपी और रेलवे प्रशासन को स्थानीय स्तर पर लावारिस शवों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक मानवीय, सम्मानजनक और व्यवस्थित तरीके से पूरी करने में सहायता मिलेगी।

Author

Related Articles

Back to top button