पन्ना में कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा, मिट्टी धंसने से 5 मजदूर दबे
एक मजदूर की मौत, चार को निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू जारी

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में मंगलवार 26 मई को दर्दनाक हादसा हो गया। अजयगढ़ जनपद क्षेत्र के बीहरपुरवा स्थित नयापुरवा गांव में खेत पर कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे पांच मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले 10 दिनों से सात मजदूर कुएं की खुदाई का कार्य कर रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो मजदूर पानी पीने के लिए कुएं से बाहर आए थे। इसी दौरान कुएं की कमजोर मिट्टी अचानक भरभराकर ढह गई और अंदर काम कर रहे पांच मजदूर मलबे में दब गए।
दबे मजदूरों में चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल सहित एक अन्य मजदूर शामिल बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद मजदूर राजकुमार यादव का शव मलबे से बाहर निकाला गया है।
प्रशासन की टीम जेसीबी मशीन और अन्य संसाधनों की मदद से शेष चार मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।













