बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नीति तारा पहल के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

विकास योजनाओं की निगरानी, आंकड़ों के विश्लेषण एवं विभागीय समन्वय को मिलेगी मजबूती

सिंगरौली, / नीति आयोग, भारत सरकार की नीति तारा (टूलकिट फॉर एनालिसिस, रिव्यू एंड एक्शन) पहल के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभागीय अधिकारियों की क्षमता संवर्धन के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना के निर्देशन में कलेक्ट्रेट सभागार सिंगरौली में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री अमित जैन द्वारा आकांक्षी जिला सिंगरौली एवं आकांक्षी विकासखंड देवसर के जिला स्तरीय अधिकारियों, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, ब्लॉक फेलो एवं अन्य संबंधित हितधारकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नीति तारा टूलकिट की अवधारणा, प्रमुख विशेषताओं, उपयोगिता एवं संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि यह एकीकृत डिजिटल मंच विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं एवं निर्धारित प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की प्रगति की नियमित निगरानी, आंकड़ों के विश्लेषण तथा आंकड़ा आधारित निर्णय लेने में सहायक होगा। इसके माध्यम से योजनाओं की प्रगति का आकलन कर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम उठाए जा सकेंगे।

प्रशिक्षण में समयबद्ध एवं प्रमाणिक आंकड़ों की प्रविष्टि, प्रगति प्रतिवेदन को नियमित रूप से अद्यतन करने तथा विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को टूलकिट के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी देते हुए इसकी कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। नीति तारा पहल के प्रभावी क्रियान्वयन से आकांक्षी जिला सिंगरौली एवं आकांक्षी विकासखंड देवसर के विकास संकेतकों की सतत निगरानी सुनिश्चित हो सकेगी। इससे विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बढ़ेगी तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से निर्धारित विकास लक्ष्यों को समय-सीमा में प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।कार्यशाला के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला, एलडीएम रंजीत सिंह, प्रभारी डीपीओ शैलेन्द्र साकेत, उप संचालक कृषि मनोज सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button