बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

उज्जैन में विकसित होगा डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

प्राचीन वैज्ञानिक विरासत और आधुनिक तकनीक का होगा संगम

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सदैव भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रोत्साहन, प्राचीन विरासतों के संरक्षण, वैज्ञानिक शोध और नवाचार को आगे बढ़ाया है। मध्यप्रदेश में भी प्राचीन सभ्यताओं और पुरातात्विक धरोहरों के वैज्ञानिक अध्ययन को नई दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। राजधानी भोपाल में स्थापित डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला के माध्यम से अब 10 लाख वर्ष तक पुरातात्विक महत्व की सामग्रियों की जांच और आयु का वैज्ञानिक निर्धारण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में लगभग 100 एकड़ भूमि पर डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा। इससे विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में नई संभावनाएं सृजित होंगी। उज्जैन केवल धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि विज्ञान, उद्योग, कला, संस्कृति और सभ्यता का भी महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। प्राचीन काल से ही उज्जैन काल-गणना एवं खगोल विज्ञान के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान रखता है। प्रदेश की वैज्ञानिक विरासत को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ते हुए उज्जैन को साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को म.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) के विज्ञान भवन में ‘प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना’ के अंतर्गत ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ थीम पर आधारित राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मैपकास्ट में स्थापित प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कौशल विकास और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए मेपकास्ट एवं धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजी लिमिटेड के बीच एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल और दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय शोध संस्थान के शोधार्थी समागम के पोस्टर का भी विमोचन भी किया। इस अवसर पर डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं गैलरी पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।

पद्मश्री डॉ. वाकणकर ने भारतीय पुरातत्व एवं सभ्यताओं के अध्ययन को नई दिशा दी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर प्रसिद्ध पुरातत्वविद्, चित्रकार और इतिहासकार थे। उन्होंने सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों में भारतीय पुरातत्व एवं प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन को आगे बढ़ाया। उनके शोध और योगदान ने भारत की प्राचीन सभ्यता को वैश्विक पहचान दिलाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. वाकणकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने छात्र जीवन में डॉ. वाकणकर से हुई मुलाकातों और विभिन्न विषयों पर हुई चर्चाओं का स्मरण करते हुए कहा कि पुरातत्व और वैज्ञानिक खोजों के साथ ही उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक दृष्टि भी व्यापक थी। प्रदेश सरकार ने भोपाल के पास स्थित रातापानी अभयारण्य को डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर राष्ट्रीय उद्यान नाम देकर उनके योगदान को सम्मान दिया है।

भोपाल को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन प्राचीन काल से ही काल-गणना एवं खगोल विज्ञान का प्रमुख केंद्र रहा है। विक्रमादित्य की परंपरा, भारतीय काल-गणना पद्धति और प्राचीन ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है। विक्रमादित्य शोध पीठ को भी अकादमिक एवं शोध संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है। डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क में उभरती तकनीकों के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। शोध एवं अनुसंधान जितना व्यापक होगा, विकास की संभावनाएं भी उतनी ही बढ़ेंगी। राज्य सरकार वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्पेस टेक पॉलिसी भी तैयार की है। इसके माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उज्जैन धार्मिक और औद्योगिक नगरी के साथ अब साइंस सिटी के रूप में भी विकसित हो रहा है। वहीं भोपाल को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विक्रमादित्य शोध पीठ के माध्यम से वैदिक घड़ी विकसित की गई है। देशभर में विक्रमादित्य महानाट्य का मंचन भी किया गया है। अब विक्रमादित्य शोध पीठ को विक्रमादित्य अकादमी के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इन प्रयासों से प्रदेश की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

उज्जैन को विज्ञान और तकनीक के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा

उद्योग के अपर मुख्य सचिव श्री नीरज मंडलोई ने बताया कि उज्जैन में लगभग 100 एकड़ भूमि पर 237 करोड़ रुपये की लागत से डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा। इसमें आईआईटी इंदौर तकनीकी एवं अनुसंधान सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पार्क में अनुसंधान, तकनीकी विकास, पेटेंट, स्टार्ट-अप, इनक्यूबेशन एवं तकनीक के व्यावसायीकरण के लिए एकीकृत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे युवाओं को शोध से स्टार्टअप एवं उद्यमिता तक आगे बढ़ने और अपने नवाचारों को बाजार तक पहुंचाने के अवसर मिलेंगे।पार्क में चार प्रमुख क्षेत्रों में अनुसंधान एवं विकास गतिविधियां संचालित होंगी। इनमें खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष अध्ययन, भारतीय ज्ञान प्रणाली, कृषि प्रौद्योगिकी एवं जलवायु अनुसंधान तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं अन्य उभरती प्रौद्योगिकियां शामिल हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत पांडुलिपियों के अध्ययन एवं डिजिटलीकरण, काल-गणना, पारंपरिक समय निर्धारण और आधुनिक तकनीक के उपयोग से अनुसंधान को बढ़ावा दिया जाएगा। एआई एवं वर्चुअल रियलिटी जैसी तकनीकों के माध्यम से प्राचीन ज्ञान को नए स्वरूप में प्रस्तुत करने के प्रयास भी किए जाएंगे। उज्जैन का वैज्ञानिक एवं ऐतिहासिक महत्व सूर्य सिद्धांत, कर्क रेखा, महाराजा सवाई जयसिंह द्वारा निर्मित वेधशालाओं तथा विक्रमादित्य की परंपरा से जुड़ा रहा है। इस विरासत को आधुनिक शोध एवं नवाचार से जोड़कर उज्जैन को विज्ञान और तकनीक के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

भारतीय काल-गणना परंपरा में समय केवल मापन की इकाई नहीं, बल्कि जीवन,

प्रकृति एवं सभ्यता से जुड़ा विषय रहा है : श्री सुरेश सोनी

विचारक एवं समाजसेवी श्री सुरेश सोनी ने डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर का स्मरण करते हुए कहा कि वे जन्म जात पुरातत्वविद थे। उन्होंने कहा कि भारतीय काल-गणना परंपरा में समय केवल मापन की इकाई नहीं, बल्कि जीवन, प्रकृति एवं सभ्यता से जुड़ा विषय रहा है। प्राचीन भारतीय विद्वानों ने समय की सूक्ष्मतम से लेकर विशालतम इकाइयों तक की अवधारणाएं विकसित की थीं। इस परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक शोध एवं प्रमाणों के आधार पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला के शुभारंभ को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क प्राचीन एवं आधुनिक ज्ञान परंपरा को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। इसमें वराहमिहिर, सांदीपनि, बलराम एवं आर्यभट्ट जैसे नामों से विभिन्न क्षेत्रों को विकसित करने की परिकल्पना भारतीय ज्ञान परंपरा को वैज्ञानिक शोध से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

उज्जैन को विश्व के काल-गणना केंद्र के रूप में पुनः प्रतिष्ठित करने के लिए प्रमाण, प्रयोग और अनुसंधान के आधार पर कार्य किया जाना चाहिए

श्री सोनी ने कहा कि भारतीय पंचांग में शुक्ल एवं कृष्ण पक्ष, मास, ऋतुएं तथा अधिक मास जैसी व्यवस्थाएं समय एवं प्रकृति के बीच समन्वय स्थापित करती हैं। उज्जैन को विश्व के काल-गणना केंद्र के रूप में पुनः प्रतिष्ठित करने के लिए वैज्ञानिक तर्क, प्रमाण, प्रयोग एवं अनुसंधान के आधार पर कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कालचक्र अनंत तक चलता रहता है। इस दौरान युगों तक अलग-अलग सभ्यताएं बनती और लुप्त होती रहती हैं। हमारे धर्म शास्त्रों में काल गणना की विस्तृत व्याख्या की गई है। विश्व के अनेक वैज्ञानिकों ने इसे स्वीकार किया है। भारतीय काल गणना की विशेषता रही है कि हमने कालखंड में घटे घटनाक्रम को पहचाना है। भारतीय परंपरा में कालगणना केवल एक मैकेनिकल प्रोसेस नहीं है, हमने नाड़ी के स्पंदन को भी कालगणना से जोड़ा है। वर्तमान में गुजरते समय के साथ हमारा संबंध घटता जा रहा है, इसे पुनर्विकसित करने की आवश्यकता है।

मैपकास्ट ने 250 युवा वैज्ञानिक फैलोशिप प्रदान की : डॉ. कोठारी

मैपकास्ट के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने बताया कि मैपकास्ट विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को समाज की आवश्यकताओं से जोड़ते हुए अनुसंधान, नवाचार, पारंपरिक ज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक-आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उज्जैन को कालगणना का केंद्र बिंदु बनाना हमारा ध्येय है। उन्होंने कहा कि पीएम फसल बीमा योजना के अंतर्गत रिमोट सेंसिंग तकनीक के उपयोग में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। मैपकास्ट द्वारा पिछले एक वर्ष में 128 से अधिक शोध परियोजनाएं, 84 से अधिक सेमिनार, सम्मेलन एवं व्याख्यान, 12 अंतरराष्ट्रीय यात्रा अनुदान तथा 250 युवा वैज्ञानिक फैलोशिप प्रदान की गई हैं। इसके अतिरिक्त 566 से अधिक विज्ञान प्रसार कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की विज्ञान के प्रति रुचि प्रदेश में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में सहायक

विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव श्री शिवकुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की विज्ञान के प्रति रुचि एवं वैज्ञानिक विषयों पर संवाद प्रदेश में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में सहायक है। उन्होंने डोंगला एवं महाकाल केंद्रों तथा अक्षांश-देशांतर गणना के महत्व का उल्लेख किया। श्री शर्मा ने कहा कि प्राचीन एवं आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक हैं। इस कार्यशाला से प्राप्त निष्कर्ष भविष्य के शोध एवं योजनाओं को दिशा प्रदान करेंगे।

रामायण एवं महाभारत का वैज्ञानिक अध्ययन करने की आवश्यकता है

सीएसआईआर भटनागर फेलो एवं डेक्कन कॉलेज, पुणे के पूर्व कुलपति श्री वसंत शिंदे ने कहा कि ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला की स्थापना मध्यप्रदेश में वैज्ञानिक अनुसंधान की दिशा के लिए महत्वपूर्ण पहल है। श्री शिंदे ने रामायण एवं महाभारत जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विषयों का वैज्ञानिक अध्ययन करने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने कहा कि डेटिंग के परिणामों को पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक साक्ष्यों के साथ समन्वित कर अध्ययन किया जाना चाहिए। प्रयोगशालाओं के सतत संचालन एवं विकास से शोध कार्यों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

क्वांटम कंप्यूटिंग में अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी सहयोग को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की उपस्थिति में मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) एवं धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के मध्य क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र में डीप टेक अनुसंधान, नवाचार एवं उन्नत प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। यह पहल प्रदेश में क्वांटम कंप्यूटिंग के अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने और प्रस्तावित डीप टेक रिसर्च एंड इनोवेशन पार्क के माध्यम से उभरती अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के अनुसंधान, विकास, नवाचार एवं व्यावसायिक उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।इससे क्वांटम प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान एवं विकास, तकनीकी विशेषज्ञता का आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण, कौशल विकास, स्टार्टअप एवं नवाचार को प्रोत्साहन और शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों के बीच सहयोग विकसित किया जाएगा।यह सहयोग प्रदेश में उभरती डीप टेक प्रौद्योगिकियों के लिए सशक्त इकोसिस्टम विकसित करने तथा प्रदेश को भविष्य की अत्याधुनिक तकनीकों के अनुसंधान एवं नवाचार के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।

आधुनिक उपकरणों एवं वैज्ञानिक तकनीकों से सुसज्जित है डॉ. वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला

शुभारंभ अवसर पर प्रदर्शित फिल्म में बताया गया कि मैपकास्ट की डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला आधुनिक उपकरणों एवं वैज्ञानिक तकनीकों से सुसज्जित है। प्रयोगशाला में आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से एक मिलियन वर्ष तक पुरानी सामग्रियों की आयु निर्धारित करने में सहायता मिलेगी। ल्यूमिनेसेंस डेटिंग तकनीक से पुरातात्विक स्थलों एवं अवशेषों की आयु, भूस्तरों के निर्माण की अवधि, प्राचीन जलवायु एवं सभ्यताओं के कालक्रम का पुनर्निर्माण करने में सहायता मिलेगी। यह तकनीक क्वार्ट्ज एवं अन्य खनिजों के प्रकाश या ताप के संपर्क में आने के बाद दबे रहने की अवधि का वैज्ञानिक आकलन करती है। इसका उपयोग तलछट, फेल्डस्पार, जिप्सम, कार्बोनेट, मिट्टी के बर्तन एवं आग से प्रभावित पत्थरों सहित विभिन्न नमूनों के अध्ययन में किया जा सकता है। प्रयोगशाला में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, राज्य पुरातत्व विभाग एवं अन्य वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से नमूना संग्रह एवं शोध कार्य किए जाएंगे। इससे पुरातत्व, भू-पुरातत्व, पृथ्वी विज्ञान एवं प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन को नई वैज्ञानिक दिशा मिलेगी।

कार्यशाला में भारतीय कालगणना परंपरा, प्राचीन खगोलीय ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के समन्वय पर देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, पुरातत्वविद् एवं विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। शुभारंभ अवसर पर भारत सरकार के सलाहकार डॉ. गंटी एस मूर्ति, संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के निदेशक श्री श्रीराम तिवारी तथा बड़ी संख्या में प्राध्यापकगण, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।

संदीप कपूर/जूही श्रीवास्तव

समाचारो की सूची
प्रदेश के समग्र विकास, बुनियादी ढांचे के विस्तार और जनकल्याण के लिए 7 हजार करोड़ रूपये से अधिक की स्वीकृति
राज्यपाल श्री पटेल से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारी मिले
उज्जैन में विकसित होगा डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
उमरिया के छोटे से गांव बरबसपुर से मुंबई तक सत्या तिवारी का सफर
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सफारी के दौरान पर्यटकों को दिखा दुर्लभ पैंगोलिन
जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी के तहत विद्युत कार्यों में सुरक्षा मानकों, परमिट, अर्थिंग और पीपीई के अनिवार्य उपयोग पर हुआ प्रशिक्षण
लकड़ी पर उकेरे सपने, हुनर से लिख रहीं दुर्गा आत्मनिर्भरता की नई इबारत
मुख्यमंत्री दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना के आवेदन 30 नवम्बर तक आमंत्रित
संबंधित समाचार
उज्जैन में विकसित होगा डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री केसरी के निधन पर दु:ख व्यक्त किया
मेला संस्कृति अनजानों के बीच मेलमिलाप और व्यापार-व्यवसाय बढ़ाने का जरिया: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर की सौगात से जुड़ा स्वर्णिम अध्याय : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वर्गीय ताराबाई यादव को

Author

Related Articles

Back to top button