बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जयंत हत्याकांड: 6 आरोपी गिरफ्तार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

सिंगरौली। जयंत सेक्टर-बी निवासी भूपेंद्र सिंह राजन की हत्या के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। इस बीच भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।परिजनों से मुलाकात के बाद कांत देव सिंह ने एनटीपीसी के सूर्या भवन में पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. के साथ बैठक की। उन्होंने हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराने और किसी भी आरोपी को नहीं बख्शने के निर्देश दिए। साथ ही आरोपियों के घरों के विरुद्ध भी नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।

सोशल मीडिया पर उठे सवालों का दिया जवाब

सिंगरौली नहीं पहुंचने को लेकर सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट और सवालों पर कांत देव सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह पिछले कुछ वर्षों से राजनीति में हैं और कुछ लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें उनकी जिम्मेदारी याद दिला रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह बाहर थे और सिंगरौली पहुंचते ही अस्वस्थता के बावजूद सबसे पहले पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि व्यवस्था के तहत वह यहां आए हैं और समझदार लोगों के लिए उनका संकेत पर्याप्त है।

ब्लैक स्कॉर्पियो की भूमिका की भी जांच की मांग

कांत देव सिंह ने पुलिस अधीक्षक को इस मामले में ब्लैक स्कॉर्पियो के कथित इस्तेमाल की जानकारी भी दी और इसकी भूमिका की जांच कराने को कहा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पवन शाह का नाम सामने आने की चर्चा है। हालांकि, किसी व्यक्ति की संलिप्तता की पुलिस जांच में पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मृतक के परिजनों ने भी सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button