बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

इलेक्ट्रिक बसों से पहले निविदाओं का लंबा इंतजार, डीपीआर के लिए 7वीं और संचालन के लिए 8वीं कॉल

सिंगरौली। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को इलेक्ट्रिक मोड में लाने की योजना में नगर निगम ने एक बार फिर निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने के लिए सलाहकार चयन की 7वीं कॉल जारी की गई है। वहीं, 12 मीटर लंबी 2 इलेक्ट्रिक एसी बसों के संचालन और रखरखाव के लिए ऑपरेटर चयन की 8वीं कॉल निकाली गई है।

नगर निगम सिंगरौली की ओर से 16 नवंबर को जारी निविदा के अनुसार, चार्जिंग स्टेशन, विद्युत व्यवस्था और पूरे चार्जिंग नेटवर्क की योजना तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्त किया जाना है। इसके लिए अनुमानित राशि 8.40 लाख रुपये निर्धारित की गई है। निविदा में आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर शाम 6 बजे है, जबकि 7 दिसंबर को निविदा खोली जाएगी।इसी दिन 2 इलेक्ट्रिक एसी बसों की खरीद, संचालन और रखरखाव के लिए ऑपरेटर चयन की निविदा भी जारी की गई। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इस निविदा का अनुमानित मूल्य 3 करोड़ रुपये बताया गया है।

ई-रिक्शा से चारपहिया वाहनों तक की चार्जिंग योजना
प्रस्तावित डीपीआर में चार्जिंग डिपो और स्टेशन का निर्माण, आवश्यक विद्युत व्यवस्था, विस्तृत डिजाइन एवं ड्राइंग, गुणवत्ता नियंत्रण पर्यवेक्षण और निविदा प्रक्रिया का प्रबंधन शामिल है। योजना के दायरे में ई-रिक्शा, दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग सुविधाओं तथा परिवहन नियोजन को भी शामिल किया गया है। इसके जरिए शहर में भविष्य की इलेक्ट्रिक वाहन व्यवस्था के लिए जरूरी स्थानों और सुविधाओं का खाका तैयार किया जाना है।

सातवीं और आठवीं कॉल के बाद भी अमल का इंतजार
चार्जिंग व्यवस्था की डीपीआर के लिए 7वीं और बस ऑपरेटर चयन के लिए 8वीं बार निविदा जारी होने से यह प्रक्रिया लंबे समय से आगे बढ़ने का इंतजार कर रही है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि इस बार निविदा प्रक्रिया पूरी होकर काम कब शुरू होता है।
योजना के अमल में आने पर डीजल से होने वाले धुएं और शोर में कमी के साथ यात्रियों को वातानुकूलित सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिल सकता है। हालांकि, पूर्व की निविदाएं किन कारणों से आगे नहीं बढ़ सकीं और इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कब तक शुरू हो पाएगा, इस पर नगरवासियों की नजरें टिकी हैं।

Author

Related Articles

Back to top button