कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित
आधार संबंधी सेवाओं के विस्तार, डेटा अद्यतन एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

सिंगरौली, । कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा करते हुए आधार सेवाओं के सुचारू संचालन, डेटा अद्यतन, सत्यापन एवं नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिले में एमबीयू (एमबीएयू) शिविर आयोजित करने तथा यूआईडीएआई से संबंधित डेटा अद्यतन कार्य को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के आधार नामांकन की ग्राम स्तर पर जानकारी एवं सत्यापन कर आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया, ताकि पात्र व्यक्तियों का आधार नामांकन सुनिश्चित किया जा सके। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को ई-गवर्नेंस विभाग से समन्वय स्थापित कर यूडाईस पोर्टल पर आधार संबंधी छात्रवार लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए विद्यालयों में संयुक्त रूप से शिविर आयोजित कर अभिभावकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, आयोजित शिविरों का औचक निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रगति एवं व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने हटाए गए आधार कार्डों के सत्यापन की प्रक्रिया पर विशेष जोर देते हुए 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के आधार कार्डों की स्थिति की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए। जिला एवं राज्य स्तर से प्राप्त आधार संबंधी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा आधार से जुड़ी धोखाधड़ी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। बैठक में नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में भी आधार सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
ऐसे क्षेत्रों में ग्राम स्तर पर विशेष आधार शिविर आयोजित कर नागरिकों को नामांकन, अद्यतन एवं अन्य आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधार सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सुरेश जाधव, नंदन तिवारी एवं देवेंद्र द्विवेदी, लोक सेवा प्रबंधक रमेश पटेल, ई-गवर्नेंस अधिकारी संजय विश्वकर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह तथा डीपीसी आर.एल. शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।













