बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अपर मुख्य सचिव नगरीय प्रशासन की अध्यक्षता में गृह निर्माण एवं नगर निगम सिंगरौली के कार्यों की समीक्षा

विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, युवाओं के कौशल विकास और नागरिक सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

सिंगरौली,/ अपर मुख्य सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग श्री संजय दुबे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभागार में मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल तथा नगर पालिक निगम सिंगरौली के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कमिश्नर हाउसिंग बोर्ड श्री गौतम सिंह एवं कलेक्टर श्री गौरव बैनल की गरिमामय उपस्थिति रही। बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री बैनल द्वारा अपर मुख्य सचिव श्री दुबे का स्वागत किया गया।बैठक में हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों द्वारा जिले में मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के माध्यम से संचालित कार्यों की जानकारी दी गई। वहीं नगर निगम आयुक्त द्वारा अमृत योजना 1.0 एवं 2.0, अमृत हरित अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन सहित नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया गया।

बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे ने एनसीएल अधिकारियों से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, पुनर्वास कॉलोनी निर्माण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विस्थापित परिवारों के लिए कुशल आर्किटेक्ट के माध्यम से योजनाबद्ध तरीके से आधुनिक एवं सुविधायुक्त कॉलोनियों का विकास किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए हाउसिंग बोर्ड अथवा निजी बिल्डर के माध्यम से प्लाट विकसित कर कॉलोनी स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा सकता है। अपर मुख्य सचिव ने विस्थापन प्रक्रिया के दौरान नवीन बस स्टैंड निर्माण में यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड में दुकाने, यात्री प्रतीक्षालय, शौचालय, रेस्टोरेंट सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित विकास किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने जिले के युवाओं एवं विस्थापित परिवारों के सदस्यों के कौशल विकास के लिए नवीन आईटीआई संस्था स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंगरौली जिले में स्थापित औद्योगिक संस्थानों की आवश्यकता के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने मैकेनाइज्ड माइनिंग एवं अंडरग्राउंड माइनिंग की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया। बैठक में नगर निगम द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना साइट-1 अंतर्गत रिक्त भूमि पर एलआईजी एवं एमआईजी आवासों के निर्माण की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ की जाए।

उन्होंने अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि योजना से छूटे हुए मोहल्लों में पाइप लाइन विस्तार का कार्य शीघ्र पूर्ण कर शेष घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि सभी पात्र परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराएं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, हाउसिंग बोर्ड के संभागीय अधिकारी, एनसीएल के वरिष्ठ अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button