बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

पैगाम के बयान पर भड़कीं नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा मरकाम, प्रेम सिंह भाटी के समर्थन में कांग्रेस नेता पर किया पलटवार

सिंगरौली। कांग्रेस नेता अशोक सिंह पैगाम के बयान के बाद सिंगरौली की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। नगर परिषद अध्यक्ष अनुराधा सिंह मरकाम ने पैगाम पर तीखा पलटवार करते हुए भाजपा नेता एवं वार्ड क्रमांक 14 के पार्षद प्रेम सिंह भाटी का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि भाटी लंबे समय से आदिवासी समाज और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। ऐसे व्यक्ति पर इस तरह की टिप्पणी करना निराधार और अनुचित है।

अनुराधा सिंह मरकाम ने कहा कि प्रेम सिंह भाटी न केवल क्षेत्र, बल्कि पूरे जिले में आदिवासी समाज के लोगों की मदद के लिए 24 घंटे तत्पर रहते हैं। उनके द्वारा निःशुल्क एंबुलेंस और शव वाहन का संचालन किया जाता है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच भाटी की लोकप्रियता और स्नेह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जेल में रहने के बावजूद जनता ने उन्हें चुनाव में जीत दिलाकर अपना समर्थन जताया।

मरकाम ने पैगाम पर राजनीतिक लाभ के लिए आरोप लगाने का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि उन्हें लगता होगा कि प्रेम सिंह भाटी पर इस तरह की टिप्पणी करने से कांग्रेस उन्हें चितरंगी विधानसभा से टिकट दे देगी, लेकिन यह उनका भ्रम है।

उन्होंने कहा कि अशोक सिंह पैगाम को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और बताना चाहिए कि उन्होंने अब तक कितने आदिवासी परिवारों की मदद की है। मरकाम ने पैगाम पर आदिवासियों की जमीन हड़पने और इसी के जरिए राजनीति चमकाने का आरोप भी लगाया।

इस बयान के बाद जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एक ओर अशोक सिंह पैगाम के आरोप हैं, तो दूसरी ओर भाजपा नेताओं की ओर से पलटवार किया जा रहा है। दोनों पक्षों की बयानबाजी ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

Author

Related Articles

Back to top button