धनतेरस पर सिंगरौली पुलिस ने लौटाई 100 से अधिक लोगों की खुशियां
खोए मोबाइल पाकर खिले चेहरे

सिंगरौली। धनतेरस के अवसर पर सिंगरौली पुलिस ने 100 से अधिक लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन वापस कर दीपावली की खुशियां दोगुनी कर दीं। लंबे समय से खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। किसी के लिए मोबाइल अपनों की यादों से जुड़ा था, तो किसी के लिए रोजमर्रा के कामकाज और जरूरी जानकारियों का अहम साधन।
पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और जिले के विभिन्न थानों के बीच समन्वय के जरिए गुम मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया।
10 महीने में 1100 से अधिक मोबाइल बरामद
सिंगरौली पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में 1 जनवरी से 31 अक्टूबर तक 1100 से अधिक गुम मोबाइल बरामद किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, पिछले 4 महीनों में ही 400 से अधिक मोबाइल फोन रिकवर किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये है। जिले के सभी थानों और चौकियों के पुलिसकर्मियों के संयुक्त प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है।

साइबर सेल और थानों की टीम ने निभाई अहम भूमिका
मोबाइल बरामदगी अभियान में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक पवन सिंह कुशराम के साथ आरक्षक प्रफुल बनखेड़े, वीरन सिंह, प्रशांत केशरी, राहुल कुशरो, नंद किशोर रुहैला और संदीप वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा विन्ध्यनगर से अशोक कुशवाहा, नवानगर से सुरेश परस्ते, चौकी खुटार से अभिषेक सिंह, सरई से योगेश विश्वकर्मा, माड़ा से राजा, जियावन से प्रभात दुबे, बरगवां से अरुणेन्द्र मिश्रा, चौकी बंधौरा से शिवेन्द्र सिंह, बैढ़न से रामकृष्ण बागरी, चितरंगी से सुदर्शन चौहान और मोरवा से अजय यादव ने भी मोबाइलों की तलाश और बरामदगी में योगदान दिया।
मोबाइल गुम होने पर तत्काल दर्ज कराएं शिकायत
खोए मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने सिंगरौली पुलिस का आभार जताया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाना या चौकी में सूचना दें। इसके साथ ही संचार साथी के सीईआईआर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। इससे तकनीकी माध्यमों से मोबाइल को ब्लॉक करने और ट्रेस कर बरामद करने में मदद मिल सकती है।













