क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने फिर पेश की मानवता की मिसाल, सड़क हादसे में घायलों की तत्काल कराई मदद
कुल्हुई के पास 407 ट्रक की बाइक से टक्कर, पेड़खुड़ी निवासी दीपक साकेत अपनी पत्नी और बच्चे के साथ हुए घायल

सूचना मिलते ही भरत सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे मौके पर, एंबुलेंस बुलवाकर घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया
सिंगरौली। परसौना–रजमिलान मार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार को सुबह से ही इस मार्ग पर दूसरी सड़क दुर्घटना सामने आई। कुल्हुई के पास 407 ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में पेड़खुड़ी निवासी दीपक साकेत, उनकी पत्नी और मासूम बच्चा घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दीपक साकेत अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बच्चे का इलाज करवाकर वैढ़न से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुल्हुई के पास 407 ट्रक की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे में परिवार के तीनों सदस्य घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ क्षत्रिय कुलावंत संगठन, भरत सिंह टीम के साथ तत्काल पहुंचे घटनास्थल
हादसे की सूचना मिलते ही क्षत्रिय कुलावंत संगठन के भरत सिंह जी ने तत्परता दिखाते हुए अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। टीम ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस बुलवाई और घायल दंपति सहित बच्चे को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय वैढ़न भिजवाया। संकट की घड़ी में संगठन की टीम ने जिस तत्परता से मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराई, वह सराहनीय रही।
परसौना–रजमिलान मार्ग पर लगातार हादसे, क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने उठाई एंबुलेंस की मांग
परसौना से रजमिलान के बीच लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। सुबह से एक ही मार्ग पर दूसरी दुर्घटना सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा और आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। भारी वाहनों की आवाजाही के बीच बाइक सवारों और अन्य राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
संकट के समय तत्काल मदद पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता : अंकित सिंह
क्षत्रिय कुलावंत संगठन के संस्थापक अंकित सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही संगठन के साथियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों की सहायता करने के लिए सक्रिय किया गया। भरत सिंह जी और उनकी टीम ने जिस तत्परता के साथ मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई, वह सराहनीय है। संगठन का उद्देश्य केवल सामाजिक मुद्दों को उठाना नहीं, बल्कि जरूरत के समय पीड़ितों के साथ खड़े होकर उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराना भी है।
अंकित सिंह ने कहा कि परसौना से रजमिलान मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। संबंधित विभागों और प्रशासन को इस मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि परसौना से रजमिलान के बीच एक समर्पित एंबुलेंस की व्यवस्था की जाए, जिसका संपर्क नंबर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के बीच सार्वजनिक हो, ताकि दुर्घटना होने पर बिना देरी के घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सके।उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से घायलों को शीघ्र उपचार मिल सकता है। क्षत्रिय कुलावंत संगठन आगे भी जरूरतमंदों की सहायता और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहेगा।













