सिंगरौली में राखड़ लोड हाइवा और बल्कर में आमने-सामने भीषण भिड़ंत, केबिन में फंसे चालक की दर्दनाक मौत

सिंगरौली:सिंगरौली जिले के परसौना-रजमिलान मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। कुलहुई के समीप राखड़ लोड हाइवा और एक भारी बल्कर के बीच आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में एक चालक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
केबिन बना मौत का फंदा, 28 वर्षीय दिनेश ने तोड़ा दम
माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त राखड़ लोड हाइवा को बैढ़न के हर्रैया निवासी 28 वर्षीय दिनेश पाल चला रहा था। भिड़ंत के बाद हाइवा का केबिन बुरी तरह पिचक गया, जिसके भीतर दिनेश गंभीर रूप से फंस गया। हादसे के फौरन बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण उसने दम तोड़ दिया था। दुर्घटना में बल्कर चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। वह रीवा जिले का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और पुलिस की मदद से उसे प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
क्षतिग्रस्त वाहनों से लगा जाम, पुलिस ने बहाल कराया आवागम
नसड़क के बीचों-बीच दोनों भारी वाहनों के टकराने से मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन व अन्य साधनों की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि तड़के दोनों वाहनों की अनियंत्रित तेज रफ्तार ही इस खूनी भिड़ंत की मुख्य वजह बनी; फिलहाल पुलिस मामले की मर्ग कायम कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।













