माड़ा मंदिर के तीन दिवसीय दीपावली मेले की सुरक्षा व्यवस्था का एसपी ने लिया जायजा

सिंगरौली। माड़ा मंदिर में आयोजित होने वाले 3 दिवसीय दीपावली मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने माड़ा मंदिर परिसर, मेला स्थल और आसपास के बाजार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने प्रवेश और निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने मंदिर परिसर और बाजार क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ते खुले रखने को कहा। साथ ही पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने एसडीएम नंदन तिवारी, थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा और यातायात प्रभारी रोशनी केशरवानी को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।













