बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जनविश्वास अभियान से दूरस्थ अंचलों में लोगों की समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

अपेक्स बैंक प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने खमरिया में ग्रामीणों को दी अभियान की जानकारी

सिंगरौली, । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत खमरिया में आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपेक्स बैंक भोपाल के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने अभियान के महत्व की जानकारी ग्रामीणों को दी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यह अभिनव पहल दूरस्थ अंचलों में निवासरत नागरिकों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है। अब प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शासन के 36 विभागों के अधिकारी पहुंचकर आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करेंगे। इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जनविश्वास अभियान निश्चित रूप से आमजन के जीवन में खुशहाली लाने में सफल होगा।

इसके पश्चात श्री महेंद्र सिंह यादव ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सिंगरौली शाखा में आयोजित सदस्यता अभियान एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा बैठक में भाग लिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहकारी समितियों से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के लिए 20 अप्रैल से सदस्यता महाअभियान प्रारंभ किया गया है। इसी अभियान के तहत प्रदेश के संभागीय स्तर पर भ्रमण के बाद सिंगरौली जिले से जिला स्तरीय सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि सहकारी समिति प्रबंधक सहकारी आंदोलन की रीढ़ हैं। वे शासन और किसानों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। प्रत्येक समिति प्रबंधक की जिम्मेदारी है कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में निवास करने वाले प्रत्येक किसान को सहकारी समितियों से जोड़ा जाए। इसके लिए मधुर व्यवहार एवं सकारात्मक कार्यप्रणाली के माध्यम से किसानों को प्रेरित करना आवश्यक है।

श्री यादव ने सिंगरौली जिले में सदस्यता अभियान की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही वे समिति स्तर तक पहुंचकर किसानों एवं समिति पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि पूर्व में रबी एवं खरीफ फसलों के लिए किसानों को छह माह की अवधि के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाता था, जिससे किसानों को व्यवहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयासों से अब ऋण चुकाने की अवधि एक वर्ष कर दी गई है। किसान अब तीन लाख रुपये तक का ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर लेकर एक वर्ष में जमा कर अगले वर्ष पुनः ऋण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराना एक ऐतिहासिक निर्णय है। इससे किसानों को आर्थिक मजबूती मिल रही है।

 

कार्यक्रम में विधायक श्री रामनिवास शाह, नगर अध्यक्ष श्री देवेश पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुंदरलाल शाह, श्री रमापति जायसवाल, श्रीमती सीमा जायसवाल, सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे, एसडीएम सिंगरौली, एसडीएम माड़ा, तहसीलदार माड़ा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जनपद पंचायत बैढ़न के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सीधी के सीईओ श्री आशीष तिवारी, विकासखंड अधिकारी श्री अभय प्रधान, शाखा प्रबंधक श्री गुलजारीलाल तिवारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button