मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का अटल सुशासन भवन खम्हरिया में विधायक ने किया शुभारंभ,
कलेक्टर ने दिए शत-प्रतिशत हितग्राही लाभ एवं लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश

सिंगरौली, । प्रदेश में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ शुक्रवार को अटल सुशासन भवन, खम्हरिया में सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री राम निवास शाह द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने की। इस अवसर पर विधायक एवं कलेक्टर ने अभियान के प्रभावी संचालन तथा पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने का आह्वान किया। शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री राम निवास शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को बिना किसी परेशानी के शासन की योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए तथा अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने आमजन से भी अभियान का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय-सीमा में पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान विभागीय योजनाओं के निर्धारित मापदण्डों के अनुसार पात्र हितग्राहियों को शत-प्रतिशत लाभान्वित किया जाए तथा सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान जाति प्रमाण पत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार-समग्र ई-केवाईसी, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड शत-प्रतिशत बनाए जाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर उनके समुचित उपचार एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने न्यायालयीन प्रकरणों, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं अन्य राजस्व मामलों का अभियान के दौरान गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा निराकृत प्रकरणों को आरसीएम पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर लंबित नकल प्रकरणों का भी शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान आमजन से निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वयं भी आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन और जनता के मध्य विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम. ने भी आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, पूर्व विधायक सुभाष बर्मा, एसडीएम श्री सुरेश जाधव, श्री नंदन तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।












