ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

भुईमाड़ में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम की उपस्थिति में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ

भुईमाड़। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने, आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का शुक्रवार को कुसमी विकासखंड के भुईमाड़ में शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत केशलार, कैरल, गैवटा, सोनगढ़, अमरोला एवं भुईमाड़ का कार्यक्रम भुईमाड़ में ही आयोजित किया गया।

आयोजित कार्यक्रमों में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, जनपद पंचायत कुसमी की अध्यक्ष श्यामवती सिंह, जनपद सदस्य सावित्री देवी एवं भुईमाड़ सरपंच लल्ली देवी सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मूल उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ सहजता से उपलब्ध कराना है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और कहा कि यदि किसी पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है, तो ऐसे मामलों के त्वरित निराकरण के लिए ही यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी वातानुकूलित कार्यालयों तक सीमित न रहकर गांवों और शहरी क्षेत्रों में पहुंचेंगे।

इस दिन नियमित प्रशासनिक एवं समीक्षा बैठकों के स्थान पर मैदानी स्तर पर जनता से सीधा संवाद और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता रहेगा। शिविरों के माध्यम से आयुष्मान भारत कार्ड, समग्र आईडी की ई-केवाईसी, किसान आईडी सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जाएगा। जनपद अध्यक्ष श्यामवती सिंह ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा शैक्षणिक आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र विद्यार्थियों को शासन की ओर से मिलने वाली साइकिल प्राप्त हुई है अथवा नहीं, इसकी भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। एसडीएम कुसमी सागर जैन ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रशासन को जनता के बीच ले जाने की प्रभावी पहल है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पात्र हितग्राहियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी ज्ञानेंद्र द्विवेदी ने ग्रामीणों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करने तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर शिविर में अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र व्यक्ति तक सेवा और लाभ पहुंचाना तथा मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करना है। अभियान के अंतर्गत अधिकारियों द्वारा स्थानीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं शासकीय उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसी क्रम में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भुईमाड़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पेयजल व्यवस्था, शौचालय, कक्षाओं की स्थिति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार एवं सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ से क्षेत्र के ग्रामीणों में शासन की योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर संवाद एवं विश्वास की नई पहल की उम्मीद जगी है।

Author

Related Articles

Back to top button