आईटीआई पचौर परिसर में एलएंडटी ने रोपे 200 पौधे, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
पर्यावरण संरक्षण को लेकर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिया जागरूकता का संदेश

सिंगरौली। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को आईटीआई कॉलेज पचौर परिसर में लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड (एलएंडटी) पीएसडी नॉर्थ द्वारा विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रजातियों के करीब 200 पौधों का रोपण किया गया।
पौधरोपण कार्यक्रम में एलएंडटी की ओर से प्रदीप लेंका, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक आशीष तिवारी, सुरक्षा अधिकारी आनंद वर्मा, सेवा अभियंता एवं विनय शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने कॉलेज परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।आईटीआई कॉलेज पचौर की ओर से प्राचार्य एनके पटेल, टीपीओ ओपी वैश्य, सहायक ग्रेड-1 जीपी वर्मा, प्रशिक्षण अधिकारी विजय कुमार पनिका एवं दिनेश साहू सहित कॉलेज स्टाफ ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और घटती हरियाली के बीच पौधरोपण समय की जरूरत है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में लगाए गए पौधे विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ भविष्य में स्वच्छ और हरे वातावरण के निर्माण में सहायक होंगे।एलएंडटी और आईटीआई कॉलेज प्रबंधन ने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पौधों के महत्व और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया।एलएंडटी एवं आईटीआई कॉलेज पचौर के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह पौधरोपण अभियान परिसर को हराभरा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।













