बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बारिश से बिगड़े हालात पर एक्शन में महापौर, सीवर लाइन की खुदाई और खराब सड़कों पर अधिकारियों को फटकार

रानी अग्रवाल ने कई वार्डों का किया औचक निरीक्षण, निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई के दिए निर्देश

सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद नगर निगम महापौर रानी अग्रवाल ने मोर्चा संभाल लिया। महापौर ने शुक्रवार को अचानक कई वार्डों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

महापौर ने वार्ड क्रमांक 38, 39, 40, 41, 25, 20 और 43 सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीवर लाइन के लिए खोदी गई सड़कों की बदहाल स्थिति सामने आई। जगह-जगह गड्ढों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वाहन फंसने की स्थिति भी बनी हुई है।

निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 25 में तीन माह पहले बनाई गई डामरीकरण सड़क की खराब गुणवत्ता देखकर महापौर नाराज हो गईं। उन्होंने सड़क पर पैर लगाकर देखा तो गिट्टियां उखड़ने लगीं। इस पर उन्होंने निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई तथा मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि शहरवासियों को बारिश के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए तत्काल सुधार कार्य कराया जाए। उन्होंने सीवर लाइन कार्य के बाद सड़कों का सही तरीके से मेंटेनेंस नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसियों को जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए।

महापौर के औचक निरीक्षण के बाद नगर निगम के अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि खराब सड़कों और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।

Author

Related Articles

Back to top button