आईटीआई सिंगरौली में गरिमामय समारोह के बीच मेधावी प्रशिक्षणार्थियों को प्रदान किए गए प्रमाण पत्र
कौशल दीक्षांत समारोह में सांसद एवं विधायक ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित

सिंगरौली। शासन के निर्देशानुसार शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिंगरौली में कौशल दीक्षांत समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह शामिल हुए। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्रीमती श्यामकुमारी शर्मा की भी गरिमामय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। संस्था के प्राचार्य श्री ऋषभ सिंह, प्रशिक्षण अधीक्षक श्री के.पी. शाह एवं कार्यालय प्रमुख श्री जी.पी. वर्मा द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में वर्ष 2026 में विभिन्न व्यवसायों में उत्तीर्ण मेधावी प्रशिक्षणार्थियों को व्यवसायवार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर प्रशस्ति पत्र एवं राष्ट्रीय व्यवसाय प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कौशल प्रशिक्षण को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं को अपने हुनर का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में सांसद प्रतिनिधि श्री कृष्ण कुमार कुशवाहा सहित श्री राजकुमार, श्री नीरज शर्मा, श्री अम्बेश शर्मा, श्री देवेन्द्र तिवारी तथा प्रशिक्षणार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के प्रशिक्षण अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मेहमान प्रवक्ताओं का विशेष योगदान रहा। समारोह में संस्था के लगभग 360 से 365 प्रशिक्षणार्थियों ने सहभागिता की।












