तेलगवा से जयनगर सूर्यानाला पुल तक सड़क निर्माण की मांग, पार्षद ने एनटीपीसी को भेजा रिमाइंडर
जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों से ग्रामीणों व कामगारों को परेशानी; पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने कलेक्टर को भी भेजी पत्र की प्रतिलिपि

सिंगरौली। एनटीपीसी सिंगरौली की शक्तिनगर इकाई के डिस्चार्ज कैनाल के किनारे स्थित जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग एक बार फिर उठाई गई है। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 36 (लाल बहादुर शास्त्री वार्ड) के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने एनटीपीसी शक्तिनगर के कार्यकारी निदेशक को रिमाइंडर पत्र भेजकर तेलगवा सीमावर्ती पुल से जयनगर सूर्यानाला पुल तक पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर को भी भेजी गई है।
कैनाल किनारे सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे
कार्यकारी निदेशक को भेजे गए पत्र क्रमांक 806/26, दिनांक 21 नवंबर 2026 में पार्षद ने बताया है कि एनटीपीसी परियोजना के गर्म जल निकास के लिए तेलगवा से चंदावल तक कैनाल का निर्माण किया गया है। इस कैनाल के पूर्वी किनारे पर स्थित संपर्क मार्ग कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।पार्षद के अनुसार, इस मार्ग का उपयोग स्थानीय ग्रामीणों, कामगारों और अन्य राहगीरों द्वारा किया जाता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
पहले भी उठाई थी मांग, अब तक नहीं हुई पहल
प्रेम सागर मिश्रा ने रिमाइंडर पत्र में उल्लेख किया है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी एनटीपीसी प्रबंधन को पत्र दिया गया था, लेकिन सड़क निर्माण की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने प्रबंधन से जनहित में मामले को गंभीरता से लेते हुए तेलगवा पुल से जयनगर सूर्यानाला पुल तक तत्काल पक्की सड़क बनवाने का आग्रह किया है।
पार्षद ने संबंधित प्रबंधन से इस संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी देने की मांग भी की है। अब देखना होगा कि एनटीपीसी प्रबंधन इस मांग पर कब तक निर्णय लेता है और लंबे समय से जर्जर मार्ग से परेशान लोगों को राहत मिल पाती है।











