मिसिरगवां-घोघरा के बीच नाले में बोरी बंधान, 8 से 10 परिवारों को आवागमन में मिलेगी राहत
50 बोरियों से तैयार किया गया रास्ता, ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान से पूरा किया कार्य

सिंगरौली। चितरंगी विकासखंड के मिसिरगवां और घोघरा गांव के बीच स्थित नाले में बोरी बंधान कर ग्रामीणों के आवागमन की समस्या का समाधान किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला सिंगरौली के मार्गदर्शन में नवांकुर संस्था सेक्टर घोघरा की के.पी. बैस सेवा समिति और ग्राम विकास समिति मिसिरगवां के संयुक्त प्रयास से यह कार्य पूरा हुआ। इसमें स्थानीय ग्रामीणों ने भी श्रमदान कर सहयोग किया।
मिसिरगवां और घोघरा ग्राम पंचायत के बीच स्थित नाले से होकर करीब 8 से 10 परिवारों को प्रतिदिन आवागमन करना पड़ता था। बरसात के दिनों में नाले में पानी बढ़ने से रास्ता बाधित हो जाता था। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। समस्या को देखते हुए जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में 50 बोरियों का बंधान कर आवागमन के लिए रास्ता तैयार किया गया।
सामूहिक श्रमदान से पूरा हुआ कार्य
बोरी बंधान में के.पी. बैस सेवा समिति के अध्यक्ष उमाशंकर सिंह बैस, ग्राम विकास समिति मिसिरगवां के अध्यक्ष रघुवर जैसवाल, घोघरा सेक्टर की परामर्शदाता प्रसन्ना मिश्रा और मिसिरगवां ग्राम पंचायत के उपसरपंच संतु कोल सहित ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस दौरान सफेद विश्वकर्मा, श्रीराम केवट, धीरेन्द्र विश्वकर्मा, लक्ष्मण खैरवार, रम्मू बैगा, भगवान कोल, सुंदरकली, सुशीला जैसवाल, नीरज विश्वकर्मा, लगन बिहारी कोल और संतरा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान किया। सभी के सहयोग से बोरी बंधान का कार्य पूरा किया गया।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन अभियान परिषद और कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन व सहयोग से लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या का समाधान हुआ है। उन्होंने इस कार्य के लिए मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों ने सामूहिक सहभागिता और श्रमदान से स्थानीय समस्या का समाधान करने की मिसाल पेश की है। बोरी बंधान से प्रभावित परिवारों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।











